सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वे मुंबई में भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ-फिक्की के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
SHABD,DELHI, August 19,
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने कहा है कि हाल ही में शुरू किए गए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन-सीएएस में किसी भी तरह की हेराफेरी या इसे बदनाम करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वे मुंबई में भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ-फिक्की के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। श्री पांडे ने कहा कि पहले इस्तेमाल की जाने वाली वॉल्यूम वेटेड एवरेज प्राइस-वीडब्ल्यूएपी व्यवस्था की तुलना में क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के तहत संभावित हेरफेर का पता लगाना सेबी के लिए अधिक आसान है। उन्होंने कहा कि क्लोजिंग ऑक्शन सेशन में बाजार सहभागियों खासकर म्यूचुअल फंड और प्रोप्राइटरी ट्रेडर्स की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
सेबी ने बाजार में पारदर्शिता बढ़ाने और हेरफेर की संभावनाओं को रोकने के उद्देश्य से 3 अगस्त को क्लोजिंग ऑक्शन सेशन की शुरुआत की थी। इस व्यवस्था के तहत कारोबार समाप्त होने के समय के आसपास एक निर्धारित अवधि में खरीद और बिक्री के आदेश लिए जाते हैं और उन्हें नीलामी प्रक्रिया के जरिए मिलान किया जाता है। श्री पांडे ने कहा कि अब तक सीएएस में सेबी को किसी तरह की हेराफेरी के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने इस नई व्यवस्था को बाजार के लिए एक बड़ा सुधार बताते हुए कहा कि इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
