देशभर में संचालित विशेष योग अभियान ‘गंगोत्री से गंगासागर’ के तहत आज परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
SHABD,Dehradun, June 14,
14 जून 2026, ऋषिकेश:
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय की ओर से देशभर में संचालित विशेष योग अभियान ‘गंगोत्री से गंगासागर’ के तहत आज परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आयुष विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
आयुष मंत्रालय के निर्देशन में मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन आयोजनों की श्रृंखला का हिस्सा है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गयी है।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान की अधिकारी इंदु शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को इसके लाभों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ, संतुलित और आनंदमय जीवन का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
