अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय 7 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में समारोह का उद्घाटन करेगा
PIB Delhi
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित पंडित दीनदयाल अंत्योदय भवन के मंथन हॉल में उद्घाटन समारोह का आयोजन करेगा।
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू और अल्पसंख्यक कार्य तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री श्री जॉर्ज कुरियन भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित करने और आज भी राष्ट्रीय गौरव और एकता का अलख जगाती कालातीत रचना के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव है।
समारोह में, सामूहिक वंदे मातरम गायन और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण शामिल होगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जॉर्ज कुरियन भी भाषण देंगे। “वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर संयुक्त समिति” पुस्तिका का भी विमोचन किया जाएगा। समारोह में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ. चंद्रशेखर कुमार, विभिन्न गणमान्य व्यक्ति और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
वर्ष 2025 में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसा माना जाता है कि बंकिमचंद्र चटर्जी ने राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” की रचना अक्षय नवमी के पावन अवसर पर, 7 नवंबर 1875 के दिन की थी। देश के सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे देशभक्ति और कृतज्ञता की सामूहिक अभिव्यक्ति के रूप में, हमें गौरव, श्रद्धा और साझा पहचान के रूप में एकजुट करने वाले राष्ट्रीय गीत के सम्मान में बड़ी संख्या में भाग लें।
