Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

साफ-सुथरे सार्वजनिक शौचालयों की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों को मिलेगा विशेष सम्मान

बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण हेतु सीएमओ को नियमित निरीक्षण के निर्देश

सूचना, पौड़ी, 20 अप्रैल 2025

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने नगर निकायों और कस्बों में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण में लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिशासी अधिकारियों को आगामी बैठक तक ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर बिखरे ठोस अपशिष्ट रोड़ी, बजरी आदि से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएं।

ग्राम पंचायत स्तर पर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत राज अधिकारियों एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला पंचायत को सौंपे गए दायित्वों के अनुसार तत्परता से कार्य करते हुए डीएफओ गढ़वाल को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा की जिन अधिकारीगणों द्वारा नगर निकायों व कस्बों में सार्वजनिक शौचालयों को साफ-सुथरा बनाए रखने में विशेष योगदान दिया जाएगा, उन्हें विशेष सम्मान एवं पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा।

सिंगल यूज़ प्लास्टिक, सार्वजनिक स्थलों पर थूकने और धूम्रपान जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों में सुस्ती को लेकर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० पारुल गोयल, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पीएम स्वजल दीपक रावत सहित जिला गंगा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *