Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

सूचना/पौड़ी/06 अक्टूबर 2026:
पोषण माह के तहत मंगलवार को जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पोषण को लेकर जागरुकता के साथ लाभार्थियों से सीधा संवाद किया गया। एकेश्वर और श्रीनगर में हुए कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभिन्न किट और उपयोगी सामग्री वितरित की गयी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने कहा कि पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों तक पोषण संबंधी जानकारी को सरल तरीके से पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने से उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

परियोजना एकेश्वर में आयोजित पोषण माह कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी ने संतुलित आहार और बेहतर पोषण के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान 3 गर्भवती महिलाओं को गर्भवती किट, 1 धात्री महिला को धात्री किट, 2 अतिकुपोषित लाभार्थियों को किट तथा 8 किशोरियों को किशोरी किट वितरित की गईं। सुपरवाइजर ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ किशोरियों से किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और इस अवस्था में आवश्यक पोषण को लेकर संवाद किया।

वहीं श्रीनगर के वार्ड संख्या 39 उफल्डा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन एवं पोषण माह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में महापौर आरती भंडारी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गयी और दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को ट्रैकसूट दिए गए, जबकि महापौर की ओर से बच्चों को हेल्थ किट वितरित की गयी।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सत्तू और मिलेट्स से तैयार खाद्य सामग्री प्रदर्शित की और इनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, सुपरवाइजर हिमानी डोभाल तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री प्रीति एवं हेमा सहित पार्षद तथा अन्य उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *