Spread the love

मुख्य विकास अधिकारी ने विजेता टीम को दो लाख रुपये का चेक एवं ट्रॉफी प्रदान की

सूचना/पौड़ी/06 अक्टूबर 2026:
खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत रांसी स्टेडियम पौड़ी में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का समापन हुआ। प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विधानसभा पौड़ी की टीम को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी एवं दो लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी तथा मुख्य विकास अधिकारी ने मेडल, प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान किए।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में प्रतिभाग करने से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए अन्य खिलाड़ियों से भी आगामी प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर अभ्यास एवं बेहतर तैयारी के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने कहा कि खेल महाकुंभ युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार दोनों से सीख लेते हुए खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि खेल महाकुंभ के माध्यम से जनपद के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने एवं बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत एवं खेल भावना के साथ खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, टीम प्रभारियों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता में जनपद पौड़ी गढ़वाल की विधानसभा पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, चौबट्टाखाल, लैंसडौन एवं यमकेश्वर, जनपद रुद्रप्रयाग की रुद्रप्रयाग एवं केदारनाथ, जनपद टिहरी गढ़वाल की देवप्रयाग एवं नरेंद्रनगर तथा जनपद नैनीताल की रामनगर विधानसभा सहित कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्टू, कबड्डी, वालीबॉल, मुर्गा झपट, रस्सा-कस्सी एवं गोली (कंचा) सहित विभिन्न खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। पारंपरिक खेल मुर्गा झपट एवं गोली (कंचा) प्रतियोगिता के विशेष आकर्षण रहे।

विभिन्न खेल स्पर्धाओं के परिणामों में अंडर-19 वालीबॉल में लैंसडौन ने प्रथम, चौबट्टाखाल ने द्वितीय एवं कोटद्वार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 रस्सा-कस्सी में पौड़ी प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय एवं देवप्रयाग तृतीय रहे। अंडर-19 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, लैंसडौन द्वितीय एवं देवप्रयाग तृतीय रहे। अंडर-19 गोली (कंचा) में लैंसडौन प्रथम एवं पौड़ी द्वितीय रहा। अंडर-14 वालीबॉल में कोटद्वार प्रथम, चौबट्टाखाल द्वितीय एवं रामनगर तृतीय रहे। अंडर-14 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय एवं रामनगर तृतीय रहे। अंडर-14 रस्सा-कस्सी में देवप्रयाग प्रथम, लैंसडौन द्वितीय एवं पौड़ी तृतीय स्थान पर रहे।

मुर्गा झपट के अंडर-19 बालिका वर्ग में 44 किग्रा में शिवानी (रुद्रप्रयाग) प्रथम, संजना (लैंसडौन) द्वितीय एवं रुचि (यमकेश्वर) तृतीय रहीं। 47 किग्रा में सारिका (पौड़ी) प्रथम, अनुरागिनी (केदारनाथ) द्वितीय एवं प्रियंका (श्रीनगर) तृतीय रहीं। 38 किग्रा में करिश्मा (रुद्रप्रयाग) प्रथम, रितिका (कोटद्वार) द्वितीय एवं करीना (चौबट्टाखाल) तृतीय रहीं। 50 किग्रा में सलोनी (देवप्रयाग) प्रथम, अंजली (श्रीनगर) द्वितीय एवं सानिया (रुद्रप्रयाग) तृतीय रहीं। 41 किग्रा में सलोनी (पौड़ी) प्रथम, वंदना (लैंसडौन) द्वितीय एवं शिवानी (श्रीनगर) तृतीय रहीं।

अंडर-14 बालिका वर्ग के मुर्गा झपट में 31 किग्रा में अंशिका (देवप्रयाग) प्रथम, अवंतिका (कोटद्वार) द्वितीय एवं ईशीता (पौड़ी) तृतीय रहीं। 28 किग्रा में शिवानी (श्रीनगर) प्रथम, गुंजन (देवप्रयाग) द्वितीय एवं दिव्यांशी (पौड़ी) तृतीय रहीं। 37 किग्रा में ईशा (चौबट्टाखाल) प्रथम, श्रीष्टि (पौड़ी) द्वितीय एवं मीनाक्षी (देवप्रयाग) तृतीय रहीं। 34 किग्रा में दिव्यांशी (रुद्रप्रयाग) प्रथम, इशाना (पौड़ी) द्वितीय एवं श्रेया (देवप्रयाग) तृतीय रहीं। 40 किग्रा में खुशी (रुद्रप्रयाग) प्रथम, अरुषि (लैंसडौन) द्वितीय एवं आरुषि (पौड़ी) तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 800 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 600 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 500 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी एवं टीमें राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ/मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।

समापन समारोह में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, टीम प्रभारी एवं प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *