उत्तराखण्ड में पुलिस मुखिया का पद संभालते ही नए डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस जन समाधान समिति का गठन किया है। पुलिसकर्मी अपनी समस्या, स्थानांतरण आदि के लिए 9411112780 व्हाट्सएप नंबर पर अपने प्रार्थना— पत्र भेज सकते हैं।
डीजीपी अशोक कुमार ने चार्ज लेते ही राज्य पुलिस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के लिये दो सीनियर अफसरों को बतौर प्रवक्ता नियुक्त किया। एपी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण/अभिसूचना को उनके कार्यों के अतिरिक्त पुलिस मुख्यालय के मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, निलेश आनन्द भरणे, पुलिस उप महानिरीक्षक को पुलिस मुख्यालय में सहायक प्रवक्ता बनाया है। साथ ही जया बलूनी, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था को पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यों के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के सहायक के दायित्वों की जिम्मेदारी दी गई है।
डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस मुख्यालय स्तर पर पुलिसजन समाधान समिति का गठन कर दिया है। इसके अध्यक्ष पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था को उपाध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, कार्मिक को सदस्य सचिव, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय को सदस्य बनाया गया है। डीजीपी अशोक कुमार के मुताबिक पुलिसजन समाधान समिति द्वारा राज्य के समस्त अराजपत्रित अधिकारी व कर्मचारियों के कल्याणार्थ मानवीय आधार के मामले देखे जाएंगे। स्थानान्तरण चाहने वाले इच्छुक कर्मचारियों के प्रार्थनापत्र एवं अन्य विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के लिये प्रार्थना—पत्र आनलाईन प्राप्त किये जायेंगें।
बताया कि 9411112780 व्हाट्सएप नंबर पर पुलिसकर्मी पर अपने प्रार्थनापत्र सीधे प्रेषित कर सकते हैं। इसके बाद गठित समति शिकायतों व आग्रह आदि को संज्ञान में लेते हुए फील्ड के अधिकारियों जैसे एसएसपी, एसपीए डीआइई, आइजी से निस्तारण कराएंगे। जिन समस्याओं का निस्तारण मुख्यालय की ओर से किया जाना अपेक्षित होगा, उनका निस्तारण मुख्यालय के अधिकारियों से कराया जायेगा। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि समिति की ओर से की गई कार्रवाई पर वह साप्ताहिक रूप से खुद समीक्षा करेंगे।

