बीपीसी ने लॉन्च किया ‘सफल फसल’, किसानों को मिलेंगी ये सुविधाएं
लखनऊ: वैश्विक स्तर पर फिनटेक सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी बीपीसी ने किसानों की जरूरतों से जुड़ा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘सफल फसल’ लॉन्च किया है. इसकी मदद से छोटे और मझोले किसानों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी.
इस बेवसाइट ( www.safalfasalonline.in) के जरिये किसान फल-सब्जियां और अनाज समेत दूसरी फसलें बेच सकेंगे. इसमें खरीदार किसानो को ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे. इसके अलावा किसानों को कृषि लोन मिलने में आसानी होगी. किसान इसके जरिये कृषि उपकरण खरीद सकेंगे. कंपनी ने बीज और कीटनाशकों और फर्टिलाइजर भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराए हैं. इसके अलावा जो किसान सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरण खरीदना चाहते हैं उन्हें यहां इससे जुड़े उत्पाद मिलेंगे.
इसे भी पढ़ें: सीधे किसानों से फल-सब्जियां खरीदेगी अमेजन
साथ ही किसानों को इस बेवसाइट के जरिये यह भी पता चल सकेगा कि उनके पास पड़ोस में कितने वेयरहाउस या कोल्ड स्टोर हैं. इससे किसान जरूरत पड़ने पर अपने फल, सब्जियां और अनाज रख सकेंगे. किसानों को कर्ज मिलने में आसानी हो इसके लिए कंपनी ने आईसीआईसीआई बैंक समेत कई बड़े निजी क्षेत्र के बैकों के साथ समझौता भी किया है. इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के नाबार्ड के साथ भी कंपनी ने भागीदारी की है.
इसकी लॉन्चिंग के मौके पर बीपीसी बैकिंग टेक्नोलॉजी के चेयरमैन अनातोली लॉगीनोव ने कहा, “हम किसानों, खरीदारों, लॉजिस्टिक्स कंपनियों, कृषि उपकरण कंपनियों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों सहित बीमा कंपनियों को एक जगह पर लाए हैं.” उनका कहना है कि यहां किसानों को सस्ती दरों पर कृषि कर्ज मिलने की सुविधा है.
बीपीसी बैंकिंग टेक्नोलॉजीज के कार्यकारी उपाध्यक्ष और वैश्विक प्रमुख देबर्षि दत्ता ने कहा, “कंपनी नई तकनीक के बारे में किसानों को जागरूक करने के लिए गांवों में पंचायतों की मदद लेगी. साथ ही ग्रामीण इलाकों में बिजनेस कॉरेस्पॉडेंट की भर्ती करेगी. ”
आने वाले दिनों में किसानों को देश की प्रमुख मंडियों के भाव भी उपलब्ध कराने की योजना है. साथ ही किसानों के हेल्थ चेकअप के लिए मंडियों और पंचायतों में स्वास्थ्य कियोस्क लगाने की भी योजना है. इसमें मौके पर नाबार्ड के डीजीएम एस के रॉय, बैंकों के अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया.
