उत्तराखंड की सबसे बड़ी परिवहन कंपनी गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन (जीएमओयू) की वार्षिक आम सभा में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के साथ ही तीन संचालकों के लिए चुनाव हुए। चुनाव में विपिन सिंह चंद, नरेंद्र सिंह नेगी और जयपाल सिंह रावत सर्वाधिक मत पाकर संचालक चुने गए। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने देर शाम शहर में विजय जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया।
जीएमओयू के मुख्यालय स्थित सभागार में तीन संचालकों के चुनाव के लिए हुए मतदान में 352 सदस्यों ने प्रतिभाग किया। तीन मत अवैध पाए गए। चुनाव में विपिन सिंह चंद को 196, नरेंद्र सिंह नेगी को 191, जयपाल सिंह रावत को 184, अर्जुन सिंह रावत को 183 और संजय बड़थ्वाल को 180 मत मिले। सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रथम तीन लोगों विपिन सिंह चंद, नरेंद्र सिंह नेगी और जयपाल सिंह रावत को संचालक निर्वाचित घोषित किया गया। आम सभा में कंपनी के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जीत सिंह पटवाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग में जीएमओयू के पेट्रोल पंप का संचालन दशहरे पर शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मोटर मालिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने मोटर मालिकों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह रावत, भास्करानंद भारद्वाज, अखिलेश नेगी, नरेंद्र सिंह भंडारी, नंदन सिंह चौहान, यशवंत सिंह नेगी, कमलेश रावत समेत कंपनी के सभी मोटर मालिक व चालक, परिचालक मौजूद रहे। आम सभा का संचालन कंपनी के महाप्रबंधक विजयपाल सिंह नेगी ने किया।
