जिलाधिकारी श्री दीपेंद्र चैधरी ने शहर और गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम, सुलभ, सुरभि तथा आकांक्षा संस्था के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की
जिलाधिकारी श्री दीपेंद्र चैधरी ने शहर और गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम, सुलभ, सुरभि तथा आकांक्षा संस्था के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने जनपद में कार्य कर रही निजी संस्थाओं के कार्यो की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके कार्मिकों की संख्या, पालियों का समय, वाहनों की संख्या, कार्य कर रहे कर्मियों के प्रशिक्षण आदि की जानकारी ली। सुलभ ने बतया कि वर्तमान में उसके 29 शौचालय संचालित हो रहे हैं। सुरभि संस्था के 9 शौचालय संचालित हैं। डीएम ने इन संचालकों से शौचालयों में नियमित सफाई, महिला कार्मिकों की तैनाती, पानी तथा प्रकाश की उचित व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही सख्त निर्देश दिये कि इन शौचालयों में बैठने वाले सुपरवाइजर या कर्मचारी का व्यवहार जन समान्य के प्रति सौम्य और सम्मानजनक हो। कोई भी कर्मी जबरदस्ती यात्रियों से सेवा शुल्क की मांग करते हुए न पाये जायें। यदि ऐसा संज्ञान में आता है तो दण्डनीय कार्रवाई की जायेगी। गंगा घाटों पर सफाई के लिए आउटसोर्स की गयी आकांक्षा संस्था को घाटों पर शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे और कूड़ेदान लगाने के निर्देश दिये। एसएनए संजय कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम कैलाश गुंज्याल को निर्देश दिये कि किसी भी प्राइवेट संस्था के कार्यो और भुगतानों के सत्यापन में निगम सतर्कता बरते। बिना भौतिक निरीक्षण सत्यापन से बचें। इन संस्थाओं के कार्यो की माॅनिटरिंग भी की जाये। निगम मेला क्षेत्र, मोती बाजार, अपर रोड, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन क्षेत्र में स्वच्छता कार्यो पर विशेष जोर दिया जाये। डीएम ने निगम अधिकारियों को अपने कार्यो को जनता या जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बजाय स्वयं ही बेहतर ढंग से कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने डेंगू लार्वा और मच्छरों से बचाव के लिए भी निगम की तैयारी के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्था हो या निजी कोई भी लापरवाही जिससे शहर की छवि धूमिल हो बर्दाश्त नही की जायेगी।। जिला सूचना अधिकारी, हरिद्वार
