Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

ग्राम कोटरी में जागरुकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित, 24 पशुपालक हुए लाभान्वित

सूचना/पौड़ी/15 सितंबर, 2026:
जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड रिखणीखाल के राजकीय पशु चिकित्सालय कोटड़ीसैंण के क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोटरी में सोमवार को लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं बचाव को लेकर जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के साथ ही पशुओं की देखभाल और आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गयी।

पशुपालकों को रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने, पशुओं की साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरुक किया गया। इस दौरान पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर विभागीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी भी दी गयी।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ विशाल शर्मा ने बताया कि जागरुकता शिविर के साथ ही ग्राम कोटरी में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। शिविर में 30 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जबकि 24 पशुपालक लाभान्वित हुए। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं के स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करने की अपील की।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *