कारगिल दिवस को शौर्य दिवस के रूप में मनाये जाने संबंधी बैठेक
प्रेसविज्ञप्ति सूचना/पौड़ी/दिनांक 11 जुलाई, 2019 जिलाधिकारी श्री धीराज सिंह गब्र्याल ने आज अपने कार्यालय कक्ष में 26 जुलाई, 2019 को आयोजित कारगिल दिवस को शौर्य दिवस के रूप में मनाये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ समीक्षा बैठक की। कहा कि गत वर्षों की भांति इस बार भी कारगिल दिवस को शौर्य दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया जायेगा। कारगिल में शहीद हुए सैनिकांे के वीरांगनाओ एवं परिजनों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित करेंगे। वहीं स्कूली बच्चों के माध्यम से देश भक्ति गीत एवं निबन्ध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा रैली का भी आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कोटद्वार, लैंसडोन एवं जनपद मुख्यालय में कार्यक्रम को सफल एवं भव्य रूप आयोजित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के शहीद की वीरांगनाओं को सम्मान के साथ आमंत्रित करेंगे तथा उन्हें सम्मानित करने हेतु समुचित व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करेंगे। कहा कि शहीद की वीरांगनाओं/परिजनों को लानेले जाने हेतु वाहन की व्यवस्था करेंगे। साथ ही शौर्य दिवस की पूर्व संध्या पर स्कूली बच्चों की निबन्धात्मक एवं भाषण प्रतियोगिता करवायेंगे। प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को पुरस्कृत करवाना सुनिश्चित करेंगे। कहा कि कार्यक्रम में बालक एवं बालिकाओं द्वारा देश भक्ति गीतों का प्रस्तुतिकरण भी करवायेंगे, जिस हेतु उन्होंने प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को निर्देशित किया। साथ ही विद्यालयों में कारगिल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रतिभाग कराने हेतु विद्यालयों को पत्र जारी करने के भी निर्देश दिये। आयोजित कार्यक्रम में रैली इत्यादि के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यस्थित बनाये रखने हेतु पुलिस प्रशासन को तथा रास्ते एवं मार्गों पर चूना लगाने हेतु अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को निर्देशित किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान बच्चों के जलपान आदि की व्यवस्था करने हेतु सैनिक कल्याण अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। इस अवसर पर पर अपर जिलाधिकारी डा. एस.के. बरनवाल, उपजिलाधिकारी पौड़ी योगेश सिंह मेहरा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह, लै.कर्नल चन्द्रपाल सिंह नेगी लैंसडोन, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका विनोद लाल, पुलिस रेडियो अधिकारी पौड़ी अनूप काला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं पत्रकार बन्धु उपस्थित थे। जिला सूचना अधिकारी पौड़ी गढ़वाल।
