Spread the love

PIB Delhi

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति (एससी-एनबीडब्‍ल्‍यूएल) की 92वीं बैठक की अध्यक्षता की।

नीतिगत एजेंडे के अन्‍तर्गत, स्थायी समिति ने वन्यजीव सप्ताह 2026 पर प्रस्तुत रिपोर्ट पर विचार-विमर्श किया। वन्यजीव सप्ताह 2026 का आयोजन ‘आवासों को जोड़ना, वन्यजीवों का संरक्षण एवं संवर्धन’ विषय के अंतर्गत किया गया था। श्री भूपेंद्र यादव ने वन्यजीव सप्ताह 2026 के दौरान की गई विभिन्न पहलों को रेखांकित किया। इनमें बक्सा में बाघों का पुनःप्रवेश, राजस्थान में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड को प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाना तथा प्रोजेक्ट चीता का तीसरे स्थल तक विस्तार जैसी पहलें धरातल पर ठोस एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित वन्यजीव संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

इसके अलावा, श्री यादव ने वन्यजीव सप्ताह के दौरान चयनित पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी और स्थानीय समुदाय भारत के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों का आधार हैं। मंत्री महोदय ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निम्नलिखित व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया:

  • अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी – संरक्षण एवं अवैध शिकार की रोकथाम: स्वर्गीय श्री बनोथ नवीन (तेलंगाना), श्री हुकाई एच. झिमो (नागालैंड), तिरु वी. कुमारेशन (तमिलनाडु)
  • अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी – वन्यजीव निगरानी एवं विशेष कौशल: श्री उमेश भारत कलसर्पे (महाराष्ट्र), श्री अश्विनसिंह किरीतसिंह जडेजा (गुजरात), बहराइच मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन समूह (उत्तर प्रदेश)
  • सामुदायिक संरक्षण पुरस्कार: व्हेल शार्क संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री महावीर मच्छीमार सहकारी मंडली लिमिटेड, मंगरोल (गुजरात), पोनुरुवी इको-टूरिज्म प्रबंधन समिति, सिरुमलाई पहाड़ियाँ (तमिलनाडु)।

इसके अलावा, असम के नामेरी टाइगर रिजर्व को कंजर्वेशन एश्योर्ड | टाइगर स्टैंडर्ड्स के अन्‍तर्गत मान्यता प्रदान की गई।

एससी-एनबीडब्ल्यूएल की 92वीं बैठक का मुख्य विषय ‘समुद्री संरक्षण’ था। स्थलीय एवं समुद्री, दोनों प्रकार के वन्यजीवों के संरक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा तटीय एवं समुद्री संरक्षित क्षेत्रों का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन– इन संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन की प्रभावशीलता का आकलन, देशभर में समुद्री कछुओं का अखिल भारतीय आकलन एवं निगरानी, भारत में डुगोंग एवं उनके आवासों के संरक्षण की दिशा में हुई प्रगति (2016–2026) और वन्यजीवों पर रैखिक अवसंरचना के प्रभावों को कम करना जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं।

इन प्रस्तुतियों में वन्यजीव संरक्षण की वर्तमान स्थिति एवं इस क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए विशेष रूप से समुद्री संरक्षित क्षेत्रों की प्रबंधन प्रभावशीलता, समुद्री कछुओं के संरक्षण तथा डुगोंग के संरक्षण से संबंधित प्रयासों पर प्रकाश डाला गया। वन्यजीवों पर रैखिक अवसंरचना के प्रभावों को कम करने से संबंधित प्रस्तुति में वन्यजीवों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान पर जोर देते हुए विभिन्न हितधारकों को सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई गई। इन हितधारकों में अवसंरचना योजनाकार, निर्माणकर्ता, पर्यावरण सलाहकार, वन्यजीव प्रबंधक, नियामक संस्थाएं, नीति निर्माता एवं विश्लेषक शामिल हैं।

समुद्री वन्यजीव संरक्षण के विषय के अनुरूप, बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन किया गया। इन प्रकाशनों में समुद्री जैव विविधता के संरक्षण से संबंधित मंत्रालय की विभिन्न पहलों एवं उपलब्धियों को रेखांकित किया गया है। इनमें निम्नलिखित शामिल हैं:

1. तटीय एवं समुद्री संरक्षित क्षेत्रों का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन: इसमें वर्ष 2024–26 के दौरान किए गए 108 तटीय एवं समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के मूल्यांकन के निष्कर्ष प्रस्तुत किए गए हैं। इसमें इन क्षेत्रों के प्रबंधन की कार्यक्षमता, अपनाई गई सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों तथा संरक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को उजागर किया गया है।

2. समुद्री कछुओं का अखिल भारतीय आकलन एवं निगरानी: यह आकलन मंत्रालय की ‘वन्यजीव आवास विकास योजना’ के अंतर्गत भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा किया गया है। इस अध्ययन में वर्ष 2022–25 के दौरान तीन प्रजनन मौसमों को शामिल को करते हुए समुद्री कछुओं की चार प्रजातियों की अंडे देने एवं प्रजनन संबंधी स्थिति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए लगभग 1,300 किलोमीटर लंबी तटरेखा और समुद्र तट के 360 हिस्सों का अध्ययन किया गया।

3. भारत में डुगोंग एवं उनके आवासों के संरक्षण की उपलब्धियां (2016–2026): इसमें सीएएमपीए द्वारा वित्तपोषित कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा किए गए एक दशक के संरक्षण प्रयासों का दस्तावेजीकरण किया गया। इसमें तमिलनाडु में पहली बार ड्रोन आधारित तकनीक से डुगोंग की आबादी के आकलन में इनकी अनुमानित संख्या 270 ± 16, समुद्री घास के आवासों की पहचान, पाक खाड़ी में भारत के पहले डुगोंग संरक्षण रिजर्व को अधिसूचित किया गया।

4. भारत में अरब सागर के हंपबैक व्हेल की स्थिति: डब्‍ल्‍यूआईआई के 2022–25 के मूल्‍यांकन के निष्‍कर्ष प्रस्‍तुत करते हुए सात संभावित साइटिंग हॉटस्पॉट की पहचान की गई है और खतरों, खासकर मछली पकड़ने के सामान में उलझने का उल्‍लेख किया गया है, ताकि भविष्य में संरक्षण और निर्देशन दिया जा सके।

5. समुद्री कछुओं से संबंधित ज्ञानवर्धक उत्पाद: समुद्री कछुओं को चिह्नित करने का तकनीकी प्रोटोकॉल, भारतीय जल में समुद्री कछुओं पर निगरानी रखना और भारत के समुद्री कछुए नामक तीन प्रकाशनों को समुद्री कछुआ कार्य योजना (2021-2026) के परिणामों के रूप में जारी किया  गया है। ये प्रकाशन समुद्री कछुओं की निगरानी, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं संरक्षण के लिए आवश्यक वैज्ञानिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

उपरोक्त प्रकाशनों के अतिरिक्त, श्री भूपेंद्र यादव ने लघु जंगली बिल्लियों के संरक्षण से संबंधित एक महत्वपूर्ण दस्तावेज ‘फील्ड मैनुअल ऑन स्मॉल कैट्स’ का भी विमोचन किया। इस पुस्तिका में भारत में पाई जाने वाली लघु जंगली बिल्लियों की नौ प्रजातियों को शामिल किया गया है। इसमें इन प्रजातियों की पहचान, क्षेत्रीय सर्वेक्षण तथा निगरानी के लिए व्यावहारिक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। यह पुस्तिका भारत सरकार–जीईएफ लघु जंगली बिल्ली संरक्षण परियोजना  के अंतर्गत तैयार की गई है। इस परियोजना का क्रियान्वयन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान राज्यों के साथ-साथ यूएनडीपी तथा ग्लोबल टाइगर फोरम सहयोग से किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, स्थायी समिति ने देशभर से प्राप्त 133 प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया। इन प्रस्तावों में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत वन्यजीव संबंधी स्वीकृति की आवश्यकता के साथ-साथ सड़क निर्माण, रक्षा अवसंरचना, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य शामिल थे। इन प्रस्तावों का मूल्यांकन प्रस्तावित परियोजनाओं के पारिस्थितिकीय प्रभाव, जनकल्याण एवं राष्ट्रीय विकास के लिए उनके महत्व, वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित शमन उपायों की पर्याप्तता जैसे प्रमुख आधारों पर किया गया। साथ ही उनके आवासों के संरक्षण के हरित विकास के लक्ष्य को सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *