कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
सूचना/पौड़ी, 01 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद में 02 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के तहत जिला कार्यालय सहित जनपद के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिला कार्यालय में प्रातः 08:00 बजे से 09:00 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-दर्शन, विचारों एवं उनके द्वारा देश के लिए किए गए योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। विशेष रूप से गांधी जी के अहिंसा, सत्य, स्वच्छता तथा सामाजिक समरसता के संदेश और लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत रामधुन एवं गांधी जी के भजनों का गायन, गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन-वृत्त पर आधारित कार्यक्रम तथा ‘अन्त्योदय’ की उनकी अवधारणा, मानवतावादी एकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संबंध में विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।
जनपद के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांधी जयंती मनाई जाएगी। विकास भवन में प्रातः 10:30 से 11:30 बजे तक महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सत्याग्रह आंदोलन, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह एवं व्यक्तिगत सत्याग्रह सहित गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही ‘सादा जीवन उच्च विचार’, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा एवं सर्वधर्म समभाव जैसे आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने तथा समाज में व्याप्त भेदभाव एवं सामाजिक विषमता को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया जाएगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज एवं खादी ग्रामोद्योग से जुड़े विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को भी स्मरण किया जाएगा।
जनपद के चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भी गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
