Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

लंबित ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण और सीसीएल स्वीकृति पर रहेगा विशेष जोर

सूचना/पौड़ी/18 सितम्बर 2026:
स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने और पात्र समूहों को समयबद्ध बैंक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत जनपद के सभी विकासखंडों में 21 से 30 सितंबर तक बैंक शाखावार विशेष ऋण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्वयं सहायता समूहों के लंबित ऋण आवेदनों के निस्तारण के साथ ही कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) सहित अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रबंधकों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों से जुड़ी महिलाएं कृषि, पशुपालन, पोल्ट्री, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं। ऐसे में पात्र समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे अपनी मौजूदा गतिविधियों का विस्तार करने के साथ नई आजीविका गतिविधियां भी शुरू कर सकें।

उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि विशेष शिविरों में लंबित ऋण प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। पात्र स्वयं सहायता समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) स्वीकृत करने के साथ ही ऋण आवेदन, दस्तावेजीकरण, स्वीकृति एवं अन्य बैंकिंग प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने विभाग एवं बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ऋण प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बैंक ऋण की सुविधा मिलने से स्वयं सहायता समूह अपनी मौजूदा आजीविका गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित कर सकेंगे तथा नए स्वरोजगार के अवसर भी तैयार कर सकेंगे। इससे समूहों की आय में वृद्धि होने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने विशेष ऋण शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम संगठन, क्लस्टर स्तरीय संघ तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े कार्मिक स्वयं सहायता समूहों से सीधे संपर्क कर उन्हें शिविरों की तिथियों, स्थान और बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही पात्र समूहों को आवश्यक दस्तावेज एवं ऋण आवेदन से संबंधित जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिविरों में अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान लंबित ऋण आवेदनों के साथ-साथ पात्र समूहों की सीसीएल स्वीकृति के प्रकरणों पर भी विशेष फोकस रखा जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि पात्र स्वयं सहायता समूहों को वास्तविक रूप से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सक्षम बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र समूहों को बैंक ऋण सुविधा का लाभ मिले और कोई भी पात्र समूह आवश्यक वित्तीय सहायता से वंचित न रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *