Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

सीडीओ ने लंबित कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध रूप से कार्रवाई पूरी करने के दिए निर्देश

सूचना/पौड़ी/18 सितम्बर 2026:
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन स्थिति के साथ ही जनपद में गंगा संरक्षण, स्वच्छता, नाला टैपिंग एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पालिका परिषद पौड़ी से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने लेगेसी वेस्ट से संबंधित चिन्हित भूमि के सौंदर्यीकरण की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के लिए भूमि चयन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करते हुए परियोजना से संबंधित कार्यवाही आगे बढ़ाने को कहा।

नगर पंचायत थलीसैण में नाला टैपिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों से संबंधित कार्यों में आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति मिल सके।

नगर पालिका परिषद दुगड्डा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट की स्थापना के लिए चयनित भूमि के संबंध में भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि से जुड़ी आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने तथा कार्रवाई की विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला गंगा योजन के अंतर्गत जनपद से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर अब तक की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सूचनाओं एवं आख्या का पुनः परीक्षण कर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिला गंगा प्लान के कार्यों की प्रगति का प्रभावी अनुश्रवण किया जा सके।

बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में विचाराधीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक सूचनाएं एवं अद्यतन आख्या तैयार कर जिला गंगा समिति को निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनजीटी से संबंधित प्रकरणों में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी की जाए और मांगी गई सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रगति की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल वन प्रभाग आयशा बिष्ट, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, सहायक पंचायत राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *