कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
जिला विकास अधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
सूचना/पौड़ी/18 सितंबर, 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड नैनीडांडा के सभागार में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जनपद में आयोजित किए जा रहे बहुउद्देशीय शिविरों की श्रृंखला में यह पहला शिविर रहा। शिविर के माध्यम से क्षेत्रीय ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 36 शिकायतें दर्ज कराईं।

शिविर की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में अपनी समस्याएं दर्ज कराने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र ने अधिकारियों को शिविर में दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करें तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराएं। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतने को कहा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एकेश्वर में 19 सितंबर, खिर्सू में 21 सितंबर, यमकेश्वर में 23 सितंबर, पौड़ी में 24 सितंबर, कोट में 28 सितंबर, पाबौ में 30 सितंबर, पोखड़ा में 1 अक्टूबर, थलीसैंण में 3 अक्टूबर, बीरोंखाल में 6 अक्टूबर, द्वारीखाल में 10 अक्टूबर, दुगड्डा में 13 अक्टूबर, जयहरीखाल में 14 अक्टूबर, कल्जीखाल में 15 अक्टूबर तथा रिखणीखाल में 17 अक्टूबर 2026 को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा नेगी, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल, जिला पंचायत सदस्य राहुल बिष्ट व मुन्नी ध्यानी, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
