Spread the love

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने आयोजक सुनील रावत के प्रयासों को सराहा, कहा—ऐसे आयोजन छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को देते हैं बाजार

देहरादून, 31 अक्टूबर। राजधानी के भाजपा कार्यालय मैदान, छह नंबर पुलिया, रिंग रोड में आयोजित उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव में शनिवार की शाम लोकसंस्कृति और संगीत के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री धीरेन्द्र सिंह पंवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर धीरेन्द्र सिंह पंवार ने महोत्सव के आयोजक सुनील रावत के निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल व्यापारिक प्रदर्शनियां नहीं हैं, बल्कि स्थानीय उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और पहली पीढ़ी के कारोबारियों को आगे बढ़ने का अवसर देने वाले महत्वपूर्ण मंच हैं। देहरादून जैसे प्रमुख शहर में छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराना लोकल फॉर वोकल की भावना को धरातल पर उतारने का सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय प्रतिभाओं से है। ऐसे आयोजन प्रदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को बाजार से जोड़ने में मदद करते हैं। स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

सुरेंद्र राणा के जौनसारी गीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

शनिवार की सांस्कृतिक संध्या में जौनसारी लोकगायक सुरेंद्र राणा और उनकी टीम की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। जौनसारी लोकगीतों और पारंपरिक संगीत के माध्यम से दर्शकों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिला। लोकधुनों ने कार्यक्रम में पहाड़ की सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

मीडिया और सामाजिक जगत की हस्तियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया सह संयोजक संपूर्ण सिंह रावत, महावीर असवाल, मनीष यादव, विक्रम सिंह रावत, नेहा पंवार, सुभाष डिमरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को मिल रहा बाजार

28 अक्टूबर से 11 नवंबर तक आयोजित उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों, छोटे कारोबारियों, हस्तशिल्पियों और पहली पीढ़ी के उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

महोत्सव में आजीविका उत्पाद, मोटे अनाज, हस्तशिल्प, स्थानीय खाद्य सामग्री, वस्त्र, आभूषण, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य उपभोक्ता उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

इमेज ट्रेड प्रमोशन, एग्जिबिशन एंड इवेंट मैनेजमेंट की ओर से आयोजित यह महोत्सव व्यापार, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों और लोकसंस्कृति को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास है। आयोजक सुनील रावत की पहल से छोटे उद्यमियों को राजधानी में अपने उत्पादों के लिए बाजार और उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *