Spread the love

एआई और डिजिटल तकनीक से जुड़ी ट्रेनिंग मिलेगी शिक्षकों को, पंजीकरण के साथ बेसलाइन सर्वे करना होगा पूरा

 SHABD,Shimla, October 31,

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग में दक्ष बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। विभाग की ओर से शिक्षकों के लिए ‘द टीचर एप’ लॉन्च किया गया है। इस एप के माध्यम से प्रदेश के सभी शिक्षकों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जाएगी, जिससे एक क्लिक पर शिक्षकों से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर सभी शिक्षकों के लिए निःशुल्क उपलब्ध है।गौरतलब है कि 22 अक्तूबर को शिमला में शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में शिक्षा विभाग और भारती एयरटेल फाउंडेशन के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत प्रदेश के सभी शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों को एप पर पंजीकरण करने के साथ बेसलाइन सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हमीरपुर जिला के नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिक्षकों की डिजिटल दक्षता, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और प्रशिक्षण संबंधी जरूरतों का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल शिक्षण संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना है।उन्होंने बताया कि शिक्षकों को एप पर अपना मोबाइल नंबर, नाम, पदनाम, जिला, ब्लॉक और स्कूल से संबंधित जानकारी दर्ज कर डिजिटल प्रोफाइल तैयार करनी होगी। इसके बाद बेसलाइन सर्वे भी जमा करना अनिवार्य होगा। एप के माध्यम से शिक्षकों को एआई समर्थ लेवल-1, एआई समर्थ लेवल-2 और एआई टूल्स इन टीचिंग किट्स सहित विभिन्न पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा ऑनलाइन आकलन, वेबिनार और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध रहेगी।राजेश गौतम ने कहा कि शिक्षकों की ओर से एप पर उपलब्ध करवाई गई जानकारी के आधार पर भविष्य में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इससे शिक्षकों की व्यक्तिगत जरूरतों और उनकी डिजिटल दक्षता के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

बाइट: राजेश गौतम, नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान पर्यवेक्षक, हमीरपुर 


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *