जंतर-मंतर पहुंचे अभिनेता प्रकाश राज, पेपर लीक के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों को दिया समर्थन; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

नई दिल्ली। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता मंगलवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों और युवाओं के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रकाश राज सीधे AISA (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के उस धरना स्थल पर पहुंचे, जहां कई छात्र पिछले कई दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में व्यवस्था की विफलता बेहद चिंताजनक है।
प्रकाश राज ने छात्रों के आक्रोश का समर्थन करते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
जंतर-मंतर पर जारी इस आंदोलन में छात्र प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच, पेपर लीक माफिया के खिलाफ कड़े कानून तथा शिक्षा मंत्रालय की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। कई छात्र क्रमिक भूख हड़ताल पर भी बैठे हुए हैं।
प्रकाश राज के धरना स्थल पहुंचते ही छात्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत में नारे लगे और बड़ी संख्या में छात्र उनसे मिलने तथा अपनी बात साझा करने पहुंचे। कई छात्रों ने कहा कि किसी चर्चित सार्वजनिक हस्ती के समर्थन से उनके आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और मजबूत आवाज मिली है।
अपने संबोधन में प्रकाश राज ने छात्रों के संघर्ष को “भारत के भविष्य की लड़ाई” बताते हुए सरकार से अपील की कि वह युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुने और समय रहते ठोस कदम उठाए। उधर आंदोलनकारी छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और आगे इसे और तेज किया जाएगा।
