Spread the love

सेवा, सुशासन और समर्पण के 5 वर्ष पूर्ण होने पर जिला उद्योग केंद्र में कार्यक्रम आयोजित

कोटद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को जिला उद्योग केंद्र में “सेवा, सुशासन, समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” विषय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा सुशासन की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती कुसुम कंडवाल रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने पिछले पाँच वर्षों में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार, आधारभूत संरचना के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनकल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना और जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाना है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हुए विभिन्न विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन तथा जनहितकारी निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अन्थवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा जनसहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने राज्य के समग्र विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *