Spread the love

दिनांक: 30 जून 2026
स्थान: देहरादून

उत्तराखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

वॉइस ऑफ मीडिया उत्तराखंड ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से प्रेषित किया। ज्ञापन में उत्तराखंड में प्रभावी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किए जाने की मांग की गई है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वेणीराम उनियाल ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है तथा पत्रकार समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों पर हमले, झूठे मुकदमे, धमकियां और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में राज्य सरकार से आग्रह किया गया है कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए, ताकि पत्रकार भयमुक्त वातावरण में अपने संवैधानिक एवं पेशेवर दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में बड़ी संख्या में पत्रकार न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनसरोकारों के मुद्दे उठा रहे हैं। ऐसे पत्रकारों को भी आवश्यक सरकारी सुविधाएं, मान्यता एवं सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए, जिससे वे बिना किसी दबाव के अपना कार्य कर सकें।

वॉइस ऑफ मीडिया उत्तराखंड ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगी।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *