उत्तराखंड में हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
प्रदेश में संभावित हीट वेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
SHABD,Dehradun, May 21,
उत्तराखंड में हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
प्रदेश में संभावित हीट वेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारियों को विशेष एडवाइजरी जारी कर हीट स्ट्रोक और गर्मी से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के लिए अलर्ट रहने को कहा है। जिला और उप-जिला अस्पतालों में विशेष हीटस्ट्रोक कक्ष स्थापित किए जाएंगे। इन कक्षों में कूलिंग सिस्टम, आइस पैक, ठंडे आईवी फ्लूइड और पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए गए हैं। हीट वेव के प्रभाव की निगरानी के लिए सभी जिलों को प्रतिदिन रिपोर्टिंग करनी होगी। हीट से जुड़े मामलों की जानकारी आईएचआईपी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी और संदिग्ध मौतों का ऑडिट भी कराया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने शिशुओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बाहरी कार्य करने वाले श्रमिकों को सबसे अधिक जोखिम वाला वर्ग मानते हुए इनके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। महानिदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा ने कहा कि हीट वेव से होने वाली मौतों को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में माइक्रो-लेवल प्लानिंग के तहत स्वास्थ्य इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बाइट
डॉ. सुनीता टम्टा, महानिदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
