मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 59 करोड़ 72 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति दी है।
SHABD,Dehradun, April 21,
21 अप्रैल 2026, देहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 59 करोड़ 72 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति दी है। इन निर्णयों से आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने और पेयजल एवं बाढ़ सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को सशक्त करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
चम्पावत जिले के विकासखण्ड चम्पावत की तामली ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना,देहरादून के वार्ड संख्या-89 हरभजवाला में चन्द्रबनी से हरभजवाला तक आसन नदी के दोनों ओर पुश्ता निर्माण और ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना को वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सुसवा नदी के दोनों तटों पर दूधादेवी पुल के अपस्ट्रीम में बाढ़ सुरक्षा कार्य, उत्तरकाशी के भटवाड़ी विकासखण्ड के झाला गांव में भागीरथी नदी के दाहिने तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य किये जाने की भी वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
साथ ही चमोली के ज्योतिर्मठ में जोशीमठ-नीति मार्ग पर वर्ष 2021 की आपदा से क्षतिग्रस्त 80 मीटर स्पान पैदल स्टील ट्रस पुल के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव पर प्रथम किस्त की धनराशि स्वीकृत किये जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
