उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन में सहयोगी बनेगा एआई
देहरादून स्थित उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-ए.आई विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
SHABD,Dehradun, March 25,
25 मार्च 2026, देहरादून:
देहरादून स्थित उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-ए.आई विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देना और अधिकारियों को एआई के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा ए.आई से आपदा प्रबंधन में नवाचारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एआई को सहयोगी के रूप में अपनाया जाना चाहिए। इसके माध्यम से मौसम आधारित अलर्ट, भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है और वास्तविक समय में प्राप्त डेटा के आधार पर त्वरित निर्णय लिए जा सकते हैं।
विनोद कुमार सुमन ने बताया कि एआई के जरिए जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और सैटेलाइट व ड्रोन डेटा के विश्लेषण से प्रभावित क्षेत्रों का आकलन तेजी से किया जा सकता है, जिससे राहत और बचाव कार्य अधिक प्रभावी बनते हैं।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को एआई की मूल अवधारणा और विभिन्न प्लेटफॉर्म के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि एआई आधारित कम्युनिकेशन सिस्टम के जरिए आम जनता तक समय पर सही जानकारी पहुंचाई जा सकती है, जिससे अफवाहों पर नियंत्रण और जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है।
