राज्यसभा चुनाव 2026: 37 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी
दस राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हुई। भाजपा, कांग्रेस और अन्य प्रमुख दलों के नेताओं ने नामांकन दाखिल किए। मतदान और नतीजे 16 मार्च को होंगे।
SHABD,New Delhi, March 5,
मार्च 05, नई दिल्ली:
राज्यसभा चुनाव के लिए सियासी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। दस राज्यों की 37 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। अब शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 मार्च है। मतदान और नतीजे 16 मार्च को घोषित किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित पांच एनडीए उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। नितिन नवीन को 20 जनवरी 2026 को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था और वह बिहार के बांकीपुर सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। जेडीयू नेता और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, आरएलएम सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा नेता शिवेश कुमार ने भी अपने नामांकन दाखिल किए। अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि नीतीश कुमार फिर से राज्यसभा सांसद के रूप में राष्ट्रीय राजनीति में लौटेंगे और नितिन नवीन अब राज्यसभा के माध्यम से संसद में योगदान देंगे।
राज्यवार उम्मीदवार और नामांकन:
छत्तीसगढ़:
भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस उम्मीदवार फूलो देवी नेताम ने भी नामांकन किया।
पश्चिम बंगाल:
भाजपा के राहुल सिन्हा और TMC उम्मीदवार कोयल मल्लिक, मेनका गुरस्वामी, राजीव कुमार और बाबुल सुप्रियो ने नामांकन किया।
असम:
एनडीए के तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किया। भाजपा की ओर से कैबिनेट मंत्री जोगेन मोहन और विधायक तेरेस ग्वाला ने साइकिल पर नामांकन दाखिल किया। सहयोगी दल यूपीपीएल के अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो ने तीसरी सीट के लिए नामांकन किया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
महाराष्ट्र:
शिवसेना ने डॉ. ज्योति वाघमारे को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया।
तेलंगाना: कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी ने नामांकन दाखिल किया, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मौजूद रहे।
ओडिशा:
BJP अध्यक्ष मनमोहन सामल और नेता सुजीत कुमार ने CM मोहन चरण माझी की मौजूदगी में नामांकन किया। कांग्रेस, BJD और CPI(M) ने साझा उम्मीदवार दत्तेश्वर होता का समर्थन किया।
राज्यवार सीट वितरण:
महाराष्ट्र – 7
तमिलनाडु – 6
बिहार – 5
पश्चिम बंगाल – 5
ओडिशा – 4
असम – 3
तेलंगाना – 2
छत्तीसगढ़ – 2
हरियाणा – 2
हिमाचल प्रदेश – 1
राज्यसभा चुनाव में किसकी ताकत कितनी प्रभावी होगी, यह 16 मार्च को परिणाम घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
