Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

अपर सचिव पंचायतीराज ने सुनी स्थानीय लोगों की समस्याएं

सूचना/पौड़ी/04 फरवरी, 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेशभर में चल रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत सिंराई का बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन
डाडामंडी में किया गया। शिविर में कुल 45 शिकायतें दर्ज की गयीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र 135 लाभार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी। वहीं शिविर में 522 स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।

उपाध्यक्ष सिंचाई सलाहकार समिति ऋषि कंडवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में चल रहा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्रशासन और विभागीय अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कर रहे हैं।

शिविर में अपर सचिव पंचायतीराज श्याम सिंह ने प्रतिभाग करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उनके ही द्वार पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का यह उद्देश्य है कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला या तहसील मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लें। इस दौरान अपर सचिव ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

वहीं अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने शिविर में मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में दर्ज हुई शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान अपर सचिव पंचायतीराज एवं अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने विभागीय समन्वय बढ़ाकर शिकायतों के निस्तारण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार,अपर मुख्यधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, प्रबंधक उद्योग उपासना सिंह, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, उद्यान सहायक गणेश सिंह, ग्राम विकास अधिकारी सुमित सिंह, पूजा रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *