Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

न्याय पंचायत बगेली में आयोजित हुआ बहुउद्देशयीय शिविर, 19 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान

सूचना/पौड़ी/02 फरवरी, 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद की सभी न्याय पंचायतों में आयोजित हो रहे बहुउद्देश्यीय शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को विकासखंड थलीसैंण की न्याय पंचायत बगेली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। जिसके चलते कार्यक्रम को सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न किया गया। शिविर में कुल 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार मुख्यालय न जाना पड़े और योजनाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध हो सके। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

इस दौरान स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, एनआरएलएम, रीप सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने न केवल योजनाओं की जानकारी दी, बल्कि पात्र लोगों को मौके पर ही लाभान्वित भी किया।

इस अवसर पर शिविर के नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता विद्युत नैनीडांडा देवराज सिंह, एसडीओ थलीसैंण अभिषेक नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *