Spread the love

भारत सरकार का प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय नेटफ्लिक्स फंड फॉर क्रिएटिव इक्विटी के सहयोग से संचालित ‘इंस्पायरिंग इनोवेटर्स’ कौशल विकास पहल के समापन में शामिल

PIB Delhi

भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार (पीएसए) प्रोफेसर अजय कुमार सूद ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) और संसदीय कार्य मंत्रालय के माननीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, एमआईबी के सचिव श्री संजय जाजू, नेटफ्लिक्स और ग्राफिटी स्टूडियो की टीम, नवप्रवर्तकों और छात्रों के साथ मिलकर 13 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में ‘इंस्पायरिंग इनोवेटर्स – नए भारत की नई पहचान’ नामक कौशल विकास पहल के समापन समारोह में भाग लिया। यह पहल ‘नेटफ्लिक्स फंड फॉर क्रिएटिव इक्विटी’ के सहयोग से विकसित की गई है।

ग्राफीटी स्टूडियोज के सहयोग से कार्यान्वित यह पहल किस्सागोई और व्यावहारिक कौशल विकास के माध्यम से सामाजिक रूप से प्रासंगिक नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भारत के नवाचार और रचनात्मकता के अनुकूल परिवेश को एक साथ लाती है। इस पहल में सामाजिक प्रभाव से जुड़े नवाचार को आगे बढ़ाने में अपने योगदान के लिए ओपीएसए की ओर से चयनित आठ भारतीय स्टार्टअप्स के योगदान को प्रदर्शित किया गया। इन स्टार्टअप्स के कामकाज और नवाचार को भारत भर के आठ विश्वविद्यालयों के छात्रों की ओर से निर्मित आठ लघु, एनिमेटेड फिल्मों के माध्यम से दिखाया गया है।

इस पहल के बारे में बोलते हुए प्रोफेसर सूद ने कहा, “ इंस्पायरिंग इनोवेटर्स कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक महत्व वाले नवाचारों को उजागर करना और साथ ही कौशल एवं ज्ञान के विकास के लिए मार्ग प्रशस्त करना है। यह कार्यक्रम रचनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से स्टार्टअप्स और छात्रों को एक साथ लाकर और नेटफ्लिक्स फंड फॉर क्रिएटिव इक्विटी तथा उद्योग जगत के मार्गदर्शन के माध्यम से कौशल विकास सहायता प्रदान करके भारत में नवाचार के अनुकूल परिवेश के निर्माण के लिए समग्र दृष्टिकोण को दर्शाता है – नीतिगत उद्देश्यों को प्रतिभा विकास और वास्तविक दुनिया में इसके अनुप्रयोग से जोड़ता है।”

इस पहल के अंतर्गत भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आए 26 छात्रों को रचनात्मक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। प्रतिभागियों में 50 प्रतिशत महिलाएं थीं। इसमें शामिल कई छात्र द्वितीय श्रेणी के शहरों से आए थे। छात्रों को अहमदाबाद स्थित राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी) और ग्राफीटी स्टूडियो के विशेषज्ञों की ओर से मार्गदर्शन प्रदान किया गया जिससे उन्हें उद्योग से संबंधित प्रक्रियाओं का व्यावहारिक और वास्तविक अनुभव प्राप्त हुआ।

डॉ. मुरुगन ने ‘इंस्पायरिंग इनोवेटर्स’ पहल को ‘विकसित भारत @2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप नवाचार के सामाजिक लाभों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के लिए बधाई दी जिसमें विभिन्न राज्यों के आठ नवोन्मेषकों की उपलब्धियों और कहानियों को उजागर किया गया। यह विशेष रूप से मत्स्य पालन और कृषि क्षेत्रों में और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सहायक प्रौद्योगिकियों से संबंधित हैं जो समाज के लिए महत्वपूर्ण रूप से मूल्यवान हैं।

नेटफ्लिक्स इंडिया की ग्लोबल अफेयर्स डायरेक्टर महिमा कौल ने कहा कि इंस्पायरिंग इनोवेटर्स भारत में नवाचार के अनुकूल परिवेश को आकार देने वाले विचारों को सार्थक और समावेशी तरीके से प्रदर्शित करने के लिए सरकार, उद्योग और युवा सर्जकों को एक साथ लाता है।

कार्यक्रम के समापन समारोह में सभी आठ फिल्मों का प्रदर्शन, शंकर महादेवन अकादमी के छात्रों की ओर से राष्ट्रगान की प्रस्तुति और सरकार तथा सहयोगी संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के संबोधन शामिल थे। ये आठों फिल्में नेटफ्लिक्स इंडिया के यूट्यूब चैनल पर देखने के लिए उपलब्ध होंगी ।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *