धराली आपदा पीड़ितों से पूर्व सैनिक संघर्ष समिति कोटद्वार ने घर-घर जाकर जताई संवेदना
धराली/कोटद्वार, दिनांक:2/12/2025
धराली क्षेत्र में हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए पूर्व सैनिक संघर्ष समिति, कोटद्वार की टीम मौके पर पहुँची। समिति के सदस्यों ने आपदा प्रभावित इलाकों में जाकर स्थिति का जायज़ा लिया और पीड़ित परिवारों से उनके घरों में मिलकर दुख-संवेदना प्रकट की।
इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व महेंद्रपाल सिंह रावत, अध्यक्ष – पूर्व सैनिक संघर्ष समिति कोटद्वार एवं उपाध्यक्ष – ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ वेटरन एसोसिएशन, दिल्ली ने किया।उनके साथ समिति के सदस्य गोपाल सिंह, ठाकुर सिंह, मेहरबान सिंह, देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे।महेंद्रपाल सिंह रावत ने कहा कि “पूर्व सैनिक समाज हमेशा देश और समाज की सेवा के लिए तत्पर रहा है। आपदा की इस कठिन घड़ी में हम प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग करेंगे।”

प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने की भी अपील की।

पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई तो आसान नहीं, लेकिन आवश्यक सहयोग और सामूहिक प्रयासों से पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाई जा सकती है।
