Spread the love



362 दावों में 4.22 करोड़ रुपये लौटे हकदारों तक

कोटद्वार/02 दिसंबर 2025:
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा संचालित आपकी पूंजी, आपका अधिकार अभियान के तहत मंगलवार को मिक्स वेडिंग प्वाइंट, देवी रोड, कोटद्वार में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न बैंकों के लंबित वित्तीय दावों का निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। जिले में अब तक कुल 362 लंबित दावों में 4.22 करोड़ रुपये की राशि संबंधित हकदारों को लौटाई जा चुकी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक दीपेश राज ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता की पूंजी अनक्लेम्ड न रहे और बैंकिंग संस्थान इस दिशा में पारदर्शी, सरल और समयबद्ध कार्यप्रणाली अपना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभार्थियों को आज उनकी राशि मिली है, वह इस पहल की सफलता का प्रमाण है, और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से लाभ लेना चाहिए।

शिविर में एलआईसी, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस समेत कई वित्तीय संस्थानों ने काउंटर स्थापित कर उपभोक्ताओं को अनक्लेम्ड खातों, अवशेष दावों एवं विभिन्न वित्तीय उत्पादों की जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति एवं अग्रणी बैंक द्वारा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक मोर्चा के संयोजक और अध्यक्ष महेंद्र पाल रावत व लीड बैंक अधिकारी मीनाक्षी शुक्ला, भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक विनोद कुमार, भारतीय रिज़र्व बैंक एलडीओ भरत आनंद, बीमा नियामक प्राधिकरण प्रतिनिधि राजेश झा, सहायक एलडीएम भूपेश नौटियाल, एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के नियंत्रक व अधिकारी उपस्थित रहे।



Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *