“पत्रकार सुरक्षा कानून नहीं तो ‘वॉइस ऑफ मीडिया’ सड़कों पर उतरेगी”
त्रिपुरा में पत्रकार अधिकारों के लिए संदीप काळे का ललकार

अगरतला : – “पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो, हमने पत्रकारों के लिए जो-जो माँगें रखी हैं, उन्हें स्वीकार करो, अन्यथा हम सड़कों पर उतरकर तीव्र आंदोलन करेंगे,” यह सीधा और स्पष्ट चेतावनी वॉइस ऑफ मीडिया के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काळे ने त्रिपुरा सरकार को दी। अगरतला में आयोजित वॉइस ऑफ मीडिया के राज्य अधिवेशन में उनका यह जोशीला संबोधन त्रिपुरा की पत्रकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा देने वाला साबित हुआ।

अपने उत्साहपूर्ण और दमदार भाषण में संदीप काळे ने त्रिपुरा के पत्रकारों की समस्याओं को बेबाकी से उठाया। शुरुआत में ही उन्होंने वॉइस ऑफ मीडिया की स्थापना, उद्देश्य और अब तक के सफर का ज़िक्र करते हुए बताया कि यह संगठन आज 52 देशों में 4.7 लाख से अधिक पत्रकारों को जोड़ चुका है। उन्होंने कहा कि वॉइस ऑफ मीडिया सिर्फ़ एक संगठन नहीं बल्कि पत्रकारों के अधिकारों के लिए चलने वाला एक जन-आंदोलन है।
उन्होंने त्रिपुरा में लागू किए जाने वाले ठोस कार्यक्रमों की रूपरेखा पेश की, जिसमें पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार कल्याण निधि, पेंशन योजना और स्वास्थ्य बीमा जैसी मांगें शामिल थीं। भारत में हाल ही में मिली सफलताओं का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बिहार में पत्रकारों के लिए लागू की गई ₹15,000 मासिक पेंशन योजना का विशेष उल्लेख किया और बताया कि ऐसी योजनाओं को अन्य राज्यों में भी लागू कराने की कोशिशें तेज़ी से जारी हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया के इस दौर में ग्रामीण और छोटे शहरों के पत्रकारों को तकनीकी प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और कानूनी मदद उपलब्ध कराना ज़रूरी है। इसी कड़ी में त्रिपुरा में जल्द ही पत्रकारों के लिए मुफ़्त कानूनी सलाह केंद्र, स्वास्थ्य शिविर और डिजिटल स्किल वर्कशॉप शुरू की जाएंगी।
भाषण के अंत में संदीप काळे ने त्रिपुरा सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि पत्रकारों पर हमले रोकने और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने के लिए यदि तुरंत कदम नहीं उठाए गए, तो वॉइस ऑफ मीडिया सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा — “पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनका संरक्षण करना सरकार का कर्तव्य है, वरना हम चुप नहीं बैठेंगे।”
इस भाषण को राज्यभर से आए पत्रकारों, प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने ज़ोरदार समर्थन दिया। अधिवेशन में उपस्थित सभी वॉइस ऑफ मीडिया सदस्यों और पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ ली। साथ ही त्रिपुरा राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण सुझावों का प्रस्ताव पारित किया गया।
…. …. … …. … ..
फोटो विवरण: अगरतला में आयोजित वॉइस ऑफ मीडिया राज्य अधिवेशन में दीप प्रज्वलन करते हुए संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काळे और अन्य गणमान्य अतिथि।
