उत्तराखंड: देहरादून जिलाधिकारी ने गौ सदनों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनपद में संचालित गौ सदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक कर योजना की समीक्षा की।
SHABD,Dehradun, August 1,
उत्तराखंड
देहरादून जिलाधिकारी ने गौ सदनों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनपद में संचालित गौ सदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक कर योजना की समीक्षा की। उन्होंने गोवंश के संरक्षण, पोषण, गोसदनों के प्रभावी संचालन और नए गोसदनों की स्थापना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौ सदनों में स्थानीय पशु चिकित्सकों के माध्यम से सप्ताह में दो बार अनिवार्य रूप से गोवंश की गिनती कराई जाए। साथ ही पशु कल्याण बोर्ड की ओर से इन गौ सदनों का रैंडम निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकासखंड कालसी के खेरूवा क्षेत्र में 150 पशु क्षमता वाले नए गोसदन के संचालन के लिए उन्नचास दशमलव नौ आठ लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए इसे जिला योजना में शीघ्र प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि गोसदनों में रह रहे पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच हो और बीमार या घायल पशुओं का समुचित उपचार व टीकाकरण किया जाए। पशुओं को संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल और रहने की उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध कराना अनिवार्य है। नगर निगम देहरादून की ओर से पंजीकृत गौ सदनों में गोवंश की टैगिंग का कार्य पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के सभी गौ सदनों में रखे गए पशुओं की सौ प्रतिशत टैगिंग सुनिश्चित करते हुए शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
