अब जल्द ही नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत मालन, खोह और सुखरो नदी में बने सभी सात बड़े पुल स्ट्रीट लाइटों से जगमग होंगे। डीएम के निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अगले दो माह के भीतर सभी पुलों पर स्टीट लाइटें लगाने का काम पूरा हो जाएगा।
नगर निगम के क्षेत्र के अंतर्गत सुखरो, मालन, ग्रास्टनगंज, काशीरामपुर तल्ला, गाड़ीघाट, सिद्धबली व बीईएल रोड में लोनिवि दुगड्डा की ओर से डबल स्पान पुल बनाए गए हैं। इन पुलाें में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था न होने से रात के समय दोपहिया वाहनों से व पैदल आवाजाही करने डर लगता है। साथ ही जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है।
जिलाधिकारी ने हाल ही में पौड़ी में अधिकारियों की बैठक ली थी। इस दौरान उन्होंने नगर निगम प्रशासन को मुख्य मार्गों पर स्थित सभी बड़े पुलों में स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से चिह्नित पुलों पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सात बड़े पुलों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जानी हैं। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है। अगले दो माह के भीतर चिह्नित सभी पुलों में स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
– वैभव गुप्ता, नगर आयुक्त कोटद्वार।
