पुलवामा शहीदों को दी श्रद्धाजंलि, पाकिस्तान का पुतला फूंका आतंकी हमले से आक्रोशित कोटद्वार की जनता सड़कों पर उतरी
गुरूवार को आवंतीपोरा, जिला पुलवामा, जम्मू कश्मीर में आत्मघाती हमले में 44 सैनिकों की शहादत पर कोटद्वार बाजार पूरी तरह से बंद रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बंद का पूर्ण समर्थन करते हुए घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन कर पाकिस्तान का पुतला दहन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद, इमरान खान मुरादाबाद के नारे लगाये। पूर्व सैनिकों ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आनन्द कुमार रतूड़ी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ज्ञापन भेजकर सैनिकों की शहादत का बदला लेने की मांग की।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों की बस को टक्कर मार दी थी, जिसमें 44 जवान शहीद हो गए। जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जैश-ए-मौहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी भी ली है।
शुक्रवार को पूर्व सैनिक, अद्र्ध सैनिक एवं सामाजिक संगठन के बैनर तले पूर्व सैनिकों ने स्थानीय हिन्दू पंचायती धर्मशाला से लेकर तहसील परिसर तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया और सरकार से पाकिस्तान में छिपे आंतकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने कहा कि गत गुरूवार को सांय केन्द्रीय रिर्जव पुलिस बल की बस में आंतकवादी हमला किया गया। जिसमें सीआरपीएफ के 44 जवान शहीद हो गये। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आंतकियों द्वारा सीआरपीएफ के काफिले पर किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह हमला एक कायराना हरकत है, जिसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने देश के शहीदों की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि दी।
