नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा जल्द बहाल हो सकती है। सरकार इसके सुरक्षित इस्तेमाल के लिए गाइडलाइंस बना रही है ताकि इस दौरान कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए शारीरिक दूरी जैसे मानकों का पालन हो सके।

अखिल भारतीय बस एवं कार ऑपरेटर्स महासंघ के सदस्यों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और एमएसएमई मंत्री गडकरी ने कहा, ‘सार्वजनिक परिवहन जल्द बहाल होने की संभावना है.. इसके लिए गाइडलाइंस होंगी।’ उन्होंने कहा कि परिवहन और राजमार्ग खुलने से लोगों में विश्वास पैदा करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने बसों और कारों के संचालन के दौरान शारीरिक दूरी बनाए रखने, हाथ धोने, सैनिटाइजेशन और फेस मास्क लगाने जैसे सभी सुरक्षा मानकों को अपनाने के प्रति चेताया।