दिल्ली चुनावः दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को मिलेगी परिवहन सुविधा, कल है आवेदन का आखिरी दिन –

नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय विशेष एप तैयार किया है। जिसके तहत मुख्य दिव्यांगों व बुजुर्गों मतदाताओं को परिवहन सुविधा देने का फैसला लिया है। यह सुविधा पाने के लिए मतदाता पांच फरवरी तक पंजीकरण करा सकते हैं।
दरअसल, दिव्यांग व बुजुर्गों को पिक एंड ड्रॉप की सुविधा देने की सीईओ कार्यालय ने तैयारी की है। 80 साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों व दिव्यांगों को यह सुविधा मिलेगी। हालांकि, उन्हें इस बार घर बैठे मतदान की भी सुविधा दी जा रही है पर जो लोग लोकतंत्र के इस पर्व में मतदान केंद्र पर पहुंचकर मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहते हैं, उन्हें लेने घर वाहन भी भेजा जाएगा। इसके लिए पांच फरवरी तक सीईओ कार्यालय में अनुरोध भेजना होगा।
गौरतलब है कि मतदाताओं की सुविधा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय विशेष एप तैयार किया है, जिसे पिक एंड ड्रॉप एप नाम दिया गया है। इस एप के माध्यम से बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता बूथ पर पहुंचने के लिए वाहन का अनुरोध कर सकेंगे। अनुरोध मिलने पर चुनाव से जुड़े अधिकारी वाहन लेकर उनके घर जाएंगे और मतदान केंद्र पर लाएंगे। बुजुर्गों व दिव्यांगों को सुविधा के लिए पहली बार इस एप का इस्तेमाल होगा।
बता दें कि 80 साल से अधिक उम्र के करीब दो लाख पांच हजार मतदाता हैं। इसी तरह 55,823 दिव्यांग मतदाता है। यानी करीब 2.60 हजार मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र लाने और उन्हें वापस घर छोड़ने की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए उन्हें सुविधा की मांग करना जरूरी है।
