सार
- बीकेटीसी ने कर्नाटक के सिमोगा जिले में चयनित की जमीन
- बदरी-केदार की पूजा के लिए वाटिका में तैयार होगा चंदन
विस्तार
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति जल्द कर्नाटक में ‘चंदन वाटिका’ तैयार कर लेगी। इसके लिए कर्नाटक में जमीन का चयन कर लिया गया है। खास बात यह है कि जमीन में पहले से चंदन के पौधे लगे हैं।
बदरी-केदार मंदिर में होने वाली पूजाओं में चंदन का विशेष महत्व है। दोनों धामों में प्रति वर्ष करीब दो क्विंटल चंदन और चंदन की लकड़ी की खपत होती है। पिछले कुछ समय से बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को चंदन जुटाने में काफी परेशानी हो रही थी।
मांग के अनुरूप चंदन नहीं मिल पा रहा था। बीते यात्रा सीजन में उद्योगपति मुकेश अंबानी जब बदरीनाथ धाम आए तो उन्होंने समिति को कर्नाटक में चंदन वाटिका तैयार करने के लिए जगह तलाशने को कहा।
