दो दशक से भी अधिक समय पहले बनी चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के दिन जल्द ही बहुरने की उम्मीद है। नागरिक उड्डयन विभाग उड़ान योजना के तहत देहरादून से चिन्यालीसौड़ के बीच हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। आगामी 20 दिसंबर को विभाग की टीम चिन्यालीसौड़ पहुंचकर यहां यात्री सुविधाओं का जायजा लेगी। इसे देखते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त उत्तर प्रदेश के समय बनी चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के लिए क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी बेशकीमती जमीन कौड़ियों के भाव सरकार को दी थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि हवाई यातायात सेवाएं शुरू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बनी हवाई पट्टी तैयार हुए दो दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी अनुपयोगी पड़ी है। बीते कुछ वर्षों में यहां सिर्फ भारतीय सेना के विमानों की ट्रायल लैंडिंग और उड़ान ही हुई हैं। बीते साल से यहां उड़ान योजना के तहत नागरिक उड़ान शुरू होने की चर्चा थी, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीएम डा. आशीष चौहान ने बताया कि जल्द ही चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी से देहरादून के बीच हवाई यातायात शुरू करने की तैयारी है। यहां यात्री सुविधाओं की पड़ताल के लिए 20 दिसंबर को नागरिक उड्डयन विभाग की टीम चिन्यालीसौड़ पहुंच रही है।
