‘जे-गेट@सेरा क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम – 2019’ का हुआ आयोजन
भाकृअनुप-कृषि ज्ञान प्रबंध निदेशालय और सूचना विज्ञान प्रकाशन लि., (जे-गेट) ने आज राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र परिसर, नई दिल्ली में ‘जे-गेट@सेरा क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम – 2019’ का आयोजन किया।

यह कार्यक्रम उत्तरी क्षेत्र के नोडल अधिकारियों के लिए ‘कृषि में ई-संसाधनों के लिए कन्सॉर्शीअम’ (सेरा) हेतु आयोजित किया गया था।
डॉ. त्रिलोचन महापात्र, महानिदेशक (भा.कृ.अनु.प.) एवं सचिव (कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग) ने बतौर मुख्य अतिथि सेरा को उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाने के विभिन्न तरीके सुझाए। उन्होंने शोधकर्ताओं और विद्वानों के बीच मंच को बेहतर व लोकप्रिय बनाने के साधनों को खोजने का भी आग्रह किया।
डॉ. आर. सी. अग्रवाल, उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा), भाकृअनुप ने सेरा की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने देश के ग्रामीण क्षेत्रों में इस सुविधा का विस्तार करने पर भी जोर दिया।
डॉ. संजीव सक्सेना, अतिरिक्त महासचिव (बौद्धिक संपदा एवं प्रौद्योगिकी प्रबंधन इकाई और राष्ट्रीय कृषि विज्ञान कोष), भाकृअनुप ने परियोजना की अवसर (आपर्टूनिटी) लागत का विश्लेषण करने पर ज़ोर दिया।

डॉ. सतेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, भाकृअनुप-कृषि ज्ञान प्रबंध निदेशालय ने उल्लेख किया कि कृषि अनुसंधान में शामिल लोगों तक सेरा की आसान पहुँच समय और धन दोनों को बचाता है।
श्री एस. के. जोशी, प्रभारी, सेरा ने उल्लेख किया कि वर्तमान में 152 संस्थान-सदस्य कन्सॉर्शीअम की सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं और कुल 25 लाख डाउनलोड पंजीकृत किए गए हैं।
श्री संजय ग्रोवर, सीईओ, सूचना विज्ञान प्रकाशन लि. ने जे-गेट@सेरा के विभिन्न उपयोगी मॉड्यूल के बारे में बताया। उन्होंने उन उन्नत सुविधाओं के बारे में भी बताया जो प्रतिभागियों के लिए सहायक और उपयोगी हैं।
इस कार्यक्रम में उत्तरी क्षेत्र के भाकृअनुप-संस्थानों और राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के कुल 42 नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।
(स्रोत: भाकृअनुप-कृषि ज्ञान प्रबंध निदेशालय, नई दिल्ली)
