Spread the love

कनाडा के वॉरेन बफे कहे जाने वाले अरबपति निवेशक प्रेम वत्स ने आने वाले पांच सालों में भारत में पांच अरब डॉलर का निवेश करने की बात कही है। वत्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने भारत आए थे। वत्स ने भारत को दुनिया का नंबर वन देश बताया। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था में सुस्ती की बात को भी खारिज किया और कहा कि यहां शानदार मौके हैं। गौरतलब है कि वत्स का जन्म हैदराबाद में हुआ था। भारत आगमन के दौरान उन्होंने गुरुवार को इकनॉमिक टाइम्स को एक इंटरव्यू दिया।

प्रेम वत्स फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के चेयरमैन हैं, जिसका मुख्यालय टोरंटो में है। उनकी कंपनी ने पिछले पांच सालों में भारत में 5 अरब डॉलर का निवेश किया है और आने वाले पांच सालों में भी इतनी ही राशि का निवेश करना चाहती है। इंटरव्यू में वत्स ने कहा कि उनकी कंपनी फेयरफैक्स भारत सरकार के विनिवेश कार्यक्रम से जुड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी एयर इंडिया की विनिवेश योजना पर गौर करेगी। यहां बता दें कि फेयरफैक्स 70 अरब डॉलर की कंपनी है और फेयरफैक्स की कंपनियों में भारत में साढ़े तीन लाख लोग काम करते हैं।

प्रेम वत्स ने इंटरव्यू में कहा कि दुनिया की कुल जी़डीपी में भारत का योगदान 3 फीसद है। इसके बावजूद कुल वैश्विक निवेश में इसकी हिस्सेदारी 1 फीसद ही है। उन्होंने कहा कि अगर यह हिस्सेदारी बढ़कर 2 फीसद हो जाए, तो भारत में 3 लाख करोड़ डॉलर का निवेश बढ़ जाएगा।

अपनी भारत यात्रा के दौरान वत्स ने IIT मद्रास के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। यहां उन्होंने कहा, ‘भारत सरकार ने कहा है कि वह तेल और गैस जैसे सेक्टर में निवेश बढ़ाना चाहती है। कनाडा इन सेक्टर्स में बड़ा निवेश करता है। हम इस पर गौर करेंगे। तेल व गैस सेक्टर में अनुभव रखने वाली कनाडा की किसी कंपनी को हम यहां अपना सहयोगी बना सकते हैं। हम भारत में कनाडा और अमेरिका की अच्छी कंपनियों को लाना चाहते हैं। हम उन कंपनियों को कहेंगे कि आपको भारत आना चाहिए।’

प्रेम वत्स ने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुस्ती की आशंकाओं को खारिज किया है। उन्होंने यहां व्यापार के बेशुमार मौके बताए। उन्होंने बताया कि यूएस-चाइना ट्रेड वॉर से भारत को खूब नए मौके मिलेंगे, क्योंकि इस ट्रेड वॉर के चलते लोग भारत में पैसा लगाना पसंद करेंगे। उन्होंने बताया कि निवेशक ऐसे देश में निवेश करना पसंद करते हैं, जहां बड़ा बाजार हो, लोकतंत्र हो और कानून का राज हो। उन्होंने सरकारी नीतियों में मामूली बदलाव की जरूरत भी बताई। साथ ही वत्स ने कहा कि वे निश्चित समय नहीं बता सकते, लेकिन इतना जरूर कहना चाहते हैं कि देश की विकास दर 10 फीसद तक पहुंचेगी।

अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रेम वत्स ने प्रधानमंत्री मोदी की भी खूब तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों की किस्मत बहुत अच्छी है, जो उन्हें मोदी जैसा बिजनेस-फ्रेंडली प्रधानमंत्री मिला है। वत्स ने पीएम मोदी के गुजरात सीएम के रूप में उनके कार्यकाल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जैसा अनुभव कम ही वैश्विक नेताओं में देखने को मिलता है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *