Spread the love

श्रीनगर में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए शिविर, 80 लाभार्थियों ने कराया पंजीकरण

सूचना/पौड़ी/08 अक्टूबर 2026:
दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड खिर्सू के अंतर्गत श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में विशेष चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में लाभार्थियों का परीक्षण एवं पंजीकरण किया गया। शिविर में नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

शिविर में एडिप तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 6 आवेदन एडिप योजना तथा 74 आवेदन राष्ट्रीय वयोश्री योजना से संबंधित रहे। परीक्षण के दौरान लाभार्थियों की जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए उनका चिन्हीकरण किया गया। पात्र लाभार्थियों को आगामी प्रक्रिया के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

शिविर में दिव्यांगजनों को आवश्यक दस्तावेज एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही 5 नए दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा 7 यूडीआईडी कार्ड के लिए भी प्रक्रिया की गई। इससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सुविधा मिली।

एडीओ समाज कल्याण पंकज मैंदोली ने बताया कि जिले में एलिम्को के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का मौके पर आकलन कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने के साथ ही जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर पार्षद दिनेश पटवाल, विजय चमोली सहित समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *