सूचना/पौड़ी/08 अक्टूबर 2026:
जनपद में मतदाता सूची को अधिक समावेशी, त्रुटिरहित एवं अद्यावधिक बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजीकरण से छूटे पात्र मतदाताओं, नए एवं युवा मतदाताओं तथा पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
अभियान के प्रथम चरण में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा वर्तमान मतदाता सूची की एसआईआर से पूर्व की मतदाता सूची से तुलना की जाएगी। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन विभिन्न कारणों से वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। चिन्हित मतदाताओं की सूची तैयार कर प्रत्येक मतदान केंद्र पर 08 से 10 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में बीएलओ द्वारा नए, युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक सहयोग एवं जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं का पुनः सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा, ताकि संबंधित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का पता लगाया जा सके। सत्यापन के दौरान यदि कोई व्यक्ति 01 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र पाया जाता है, तो उसे फार्म-6 के माध्यम से नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
तीन दिवसीय विशेष शिविर एवं घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान बीएलओ के साथ बीएलए मेम्बर (गवर्नमेंट सर्वेंट) की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। संभव होने पर बीएलए-2 की उपस्थिति भी रहेगी, जिससे अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
अभियान के दौरान मतदाता सूची में शामिल किए जाने वाले नए, युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं के अनुभव एवं प्रतिक्रियाओं को सोशल मीडिया और क्षेत्रीय मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक हों।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों, मतदाताओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से अपील की है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यावधिक बनाने के इस अभियान में बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने पात्र नागरिकों से निर्धारित अवधि में अपने नाम की जांच करने तथा नाम दर्ज न होने की स्थिति में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आह्वान किया है।
