सूचना/पौड़ी/08 अक्टूबर 2026:
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा जोश टीम का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में भी विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने उपचाराधीन क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की तथा हरी झंडी दिखाकर जनपद एवं विकासखंड स्तर पर गठित जोश टीमों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, माय भारत वॉलंटियर्स एवं अन्य प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
विधायक ने कहा कि पौड़ी जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इसकी शुरुआत हमें अपने घर और आसपास के क्षेत्र से करनी होगी। उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसमें पौड़ी जनपद भी शामिल है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समय पर जांच, नियमित उपचार और जन-जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं स्वयंसेवकों को भी जोड़ा गया है, जिससे टीबी के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में विकासखंडवार 15 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। प्रत्येक नोडल अधिकारी के अंतर्गत 5 एनसीसी कैडेट तथा 5 माय भारत वॉलंटियर्स को जोड़ा गया है। अभियान के प्रभावी संचालन एवं अनुश्रवण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का भी गठन किया गया है।
इस अवसर पर डॉ. श्वेता नवानी ने टीबी के लक्षणों, जांच एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना आदि लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा ऐसे लक्षण होने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक द्वारा 8 उपचाराधीन क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गईं। साथ ही टीबी उन्मूलन से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में डॉ. सुरेंद्र सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, डॉ. अलीशा, चीफ फार्मासिस्ट जेपी टम्टा, नेहरू युवा केंद्र के माय भारत वॉलंटियर्स तथा उपचाराधीन क्षय रोगी उपस्थित रहे।
