गोद भराई, प्रवेशोत्सव के साथ गर्भवती महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को योजनाओं का लाभ
सूचना/पौड़ी/07 अक्टूबर 2026:
सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न जागरुकता एवं लाभार्थीपरक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाल विकास परियोजना कोट के आंगनबाड़ी केंद्र कुंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन रावत उपस्थित रहीं। बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू चमोली ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी वितरित की। एक महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा किशोरियों को हैंडवॉश वितरित किए गए। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने विभागीय योजनाओं एवं पोषण माह के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए संतुलित आहार में स्थानीय फल, सब्जियां, अनाज और दालों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय सुपरवाइजर गीता ने गर्भावस्था के दौरान खानपान, स्वस्थ दिनचर्या एवं प्रसव पूर्व जांच के महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना तथा नंदा गौरा योजना से लाभान्वित महिलाओं एवं किशोरियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजनाओं से उन्हें आवश्यक सहयोग और प्रोत्साहन मिला है। क्षेत्र पंचायत सदस्य ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों की सराहना की।
वहीं आंगनबाड़ी केंद्र गहड़ पैडुल में पोषण माह एवं आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय खाद्य सामग्री से रंगोली तैयार करने के साथ ही स्थानीय अनाज, दाल, फल एवं सब्जियों से तैयार व्यंजनों का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, ट्रैक सूट, पाठ्य सामग्री एवं टी-शर्ट वितरित की गयी। एक गर्भवती महिला की गोद भराई तथा दो बच्चों का प्रवेशोत्सव मनाया गया। किशोरियों को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, बाल विकास परियोजना अधिकारी पौड़ी आशा रावत, एएनएम अनिता देवी, सुपरवाइजर सुषमा रावत सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
