Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

सूचना/पौड़ी/18 अगस्त, 2026:

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत आगामी 21 अगस्त, 2026 को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली चौपाल की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चौपाल के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। चौपाल के माध्यम से उद्यम स्थापना के इच्छुक व्यक्तियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों तथा उद्यम स्थापना से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य उद्यम स्थापना के इच्छुक लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौपाल में विभागीय योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित पर्याप्त सामग्री उपलब्ध रखी जाए तथा प्रतिभागियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए 21 अगस्त को जिला मुख्यालय से आईईसी वैन को भी रवाना किया जाएगा। वैन के माध्यम से विभिन्न विकासखंडों की चिन्हित न्याय पंचायतों में पहुंचकर उद्यम स्थापना, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

निर्धारित रूट प्लान के अनुसार पहले दिन पौड़ी विकासखंड की ल्वाली एवं काण्डाधार तथा कोट विकासखंड की कोट एवं पोखरी न्याय पंचायतों में वैन का संचालन किया जाएगा। दूसरे दिन खिर्सू विकासखंड की देवलगढ़ एवं पोखरी तथा पाबौ विकासखंड की पीपली, पाबौ एवं सैंजी न्याय पंचायतों को शामिल किया गया है। तीसरे दिन थलीसैंण विकासखंड की पैठाणी, बगेली एवं बूँगीधार तथा बीरोंखाल विकासखंड की कोटा एवं ग्वीन न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी। चौथे दिन एकेश्वर विकासखंड की रिंगवाड़ी, स्योली एवं बमोली तथा पोखड़ा विकासखंड की देवराड़ी देवी एवं सेड़ियाखाल न्याय पंचायतों में भ्रमण किया जाएगा।

पाँचवें दिन कल्जीखाल विकासखंड की दिवाई, सांगुड़ा एवं नगर तथा रिखणीखाल विकासखंड की ढाबखाल एवं ढोटियाल न्याय पंचायतों को शामिल किया गया है। छठवें दिन नैनीडांडा विकासखंड की भौंन, कसाणा एवं उमटा तथा जयहरीखाल विकासखंड की खैरासैंण एवं दुधारखाल न्याय पंचायतों में वैन का संचालन होगा। सातवें दिन द्वारीखाल विकासखंड की ठंठोली एवं सिराई तथा यमकेश्वर विकासखंड की बड़सूण एवं बड़ोलबड़ी न्याय पंचायतों में आईईसी वैन पहुंचेगी। आठवें दिन दुगड्डा विकासखंड की उतिर्छा, फरसुला, उमथगांव एवं कोटद्वार न्याय पंचायतों में वैन का भ्रमण निर्धारित किया गया है।

बैठक में इन्क्यूबेशन मैनेजर तनुज पुंडीर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी के.के. जोशी, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, सहायक डीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *