कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
शून्य से पांच वर्ष तक के 50,404 बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण का लक्ष्य, घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य टीमें
815 पोलियो बूथ, 23 ट्रांजिट बूथ और 8 मोबाइल टीमों के माध्यम से संचालित हो रहा विशेष अभियान
सूचना/पौड़ी/28 जून, 2026:
राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जनपदभर में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 29250 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलायी गयी। जिला अस्पताल पौड़ी में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद की कुल आबादी 6,87,271 है। अभियान के अंतर्गत 1,68,002 परिवारों और 1,174 ग्राम सभाओं को शामिल किया गया है। इस वर्ष शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 50,404 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में 815 पोलियो बूथ, 23 ट्रांजिट बूथ तथा 8 मोबाइल बूथ स्थापित किए गए हैं। बूथ दिवस के उपरांत छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 1,630 घर-घर भ्रमण दल गठित किए गए हैं। अभियान में 3,260 वैक्सीनेटर, 1,010 आशा कार्यकर्ता, 1,539 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा 265 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके लिए 3,150 वैक्सीन वायल उपलब्ध करायी गयी हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद 29 एवं 30 जून को एनआईडी क्षेत्र तथा 29 जून से 4 जुलाई तक एसएनसीडी क्षेत्र में घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। विशेष अभियान के तहत दुगड्डा विकासखंड के भाबर, कालागढ़, लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, चिल्ला कुनाऊं और गंगाभोगपुर क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन राष्ट्रीय संकल्प है और इसकी सफलता जनसहभागिता पर निर्भर है। सभी अभिभावक अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं, ताकि जनपद का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
