ब्रिटेन में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत प्रकरण में भारतीय उच्चायोग सक्रिय
उच्चायोग के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर में न्यायिक हिरासत में हैं।
SHABD,Dehradun, June 25,
Relevance: Urgent
Caption Ajay Pant

Marking: Lead All
Category: Government ,world, police
ब्रिटेन में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत प्रकरण में भारतीय उच्चायोग सक्रिय
उच्चायोग के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर में न्यायिक हिरासत में हैं।
25 जून 2026, देहरादून:
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर निवासी कैप्टन अजय पंत प्रकरण पर भारत के लंदन स्थित उच्चायोग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई है।
उच्चायोग के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून को उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था। इस बातचीत में कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताते हुए कहा कि उन्हें जेल परिसर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही वो अपनी पत्नी के साथ भी नियमित संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उच्चायोग ने बताया है कि इस मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) के समक्ष भी उठाया गया है, ताकि कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता उपलब्ध हो सके और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता कंपनी एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए है। कंपनी ने कैप्टन पंत को कानूनी सहायता एवं परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
उच्चायोग ने आगे बताया है कि कैप्टन पंत को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 16 जुलाई को निर्धारित है। उच्चायोग ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया है कि कैप्टन पंत एवं उनके परिवार को आवश्यक कांसुलर सहायता और सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और कैप्टन अजय पंत के मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय एवं भारतीय उच्चायोग के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित सभी एजेंसियां कैप्टन पंत को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
दरअसल, ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी ने कैप्टन अजय पंत पर रूस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया था। अजय पंत को ब्रिटिश सुरक्षा बलों ने एक विशेष अभियान के दौरान रोका था। अभी वह एचएमपी विनचेस्टर में न्यायिक हिरासत में हैं।
