योग से स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश, शिब्बूनगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जुटे साधक

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महर्षि कण्व योग समिति द्वारा ब्लेसिंग फार्म, शिब्बूनगर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, समिति सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसका संचालन समिति के अध्यक्ष नीरज नेगी ने किया। उन्होंने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर समिति द्वारा संचालित निशुल्क योग कक्षाओं से जुड़ी योग साधिकाओं ने योगासनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और योग के प्रति उत्साह का वातावरण बनाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी राजेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

कार्यक्रम का संचालन हर्षमणि नौडियाल ने किया। उन्होंने योग दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समिति की ओर से संचालित जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर योग को घर-घर तक पहुंचाने और नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिससे योग के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता का संदेश मिला।
