Spread the love

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दिया योग अपनाने का संदेश

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया। इस अवसर पर उन्होंने श्री दरबार साहिब में योगाभ्यास कर समाज को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव को दूर करने, मानसिक शांति प्राप्त करने तथा शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि उसमें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और ऊर्जा का भी विकास होता है। योग व्यक्ति के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए समर्पित करे तो स्वस्थ, जागरूक और खुशहाल भारत के निर्माण का संकल्प आसानी से साकार किया जा सकता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से योग के महत्व और उसके व्यापक लाभों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *